राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - जम्मू-कश्मीर में तैनात रहे दिवंगत एसएसबी जवान के वृद्ध माता-पिता से 11 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने विभागीय अधिकारियों और बैंक कर्मचारियों को पैसा देने का झांसा देकर वृद्ध दंपत्ति को विश्वास में लिया और लाखों रुपये हड़प लिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख रुपये नगद भी जप्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी योगराज साहू 45 वर्ष ग्राम बिटाल थाना गैंदाटोला का निवासी है, जो वर्तमान में सृष्टि कॉलोनी बसंतपुर में रह रहा था।
सड़क हादसे में हुई थी जवान की मौत
जानकारी के अनुसार प्रार्थी का पुत्र वरुण कुमार साहू (32 वर्ष) सीमा सुरक्षा बल (SSB) में पदस्थ था और जम्मू-कश्मीर में तैनात था। सितंबर 2025 में अवकाश के दौरान ग्राम कोकपुर बरैठटोला के पास सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई थी। जवान की मृत्यु के बाद विभागीय सहायता राशि के रूप में परिवार के खातों में लगभग 29 लाख रुपये जमा हुए थे।इसी दौरान मृतक जवान का साडू भाई योगराज साहू वृद्ध माता-पिता को बैंक लेकर गया और खातों से 15 लाख रुपये निकलवाए। आरोपी ने अधिकारियों और बैंक कर्मचारियों को रकम देने का बहाना बनाकर 11 लाख रुपये अपने पास रख लिए और केवल 4 लाख रुपये लौटाए।
तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस तक पहुंचा आरोपी
पीड़ित परिवार की शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 219/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (IPS) के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 लाख रुपये नगद बरामद कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक देवदास भारती, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, महिला प्रधान आरक्षक मेनका साहू, सीमा जैन, आरक्षक अतहर अली, जामिंद्र वर्मा सहित थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

