खैरागढ़। आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता, अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों। कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों में स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रश्न पत्रों के सुरक्षित भंडारण एवं वितरण में गोपनीयता बनाए रखने, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा परीक्षा अवधि में सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं पूर्व तैयार रहें. बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने समय-सीमा में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित अवधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड एवं आभा आईडी से वंचित हितग्राहियों का शीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, गर्भवती माताओं का समय पर पंजीयन एवं एएनसी जांच शत-प्रतिशत पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया गया। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने हेतु मैदानी अमले की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित लखपति दीदी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वरोजगार गतिविधियों के विस्तार, उत्पादों के बेहतर विपणन और बैंकिंग सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सुमन राज, एसडीएम सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
Loading...

