खैरागढ़ । जिले के बकरकट्टा थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अपहृत बालिका को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को प्रार्थी ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट बकरकट्टा थाना में दर्ज कराई थी। बालिका अपनी मां के साथ बाजार गई थी, जहां से अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 01/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर खोजबीन तेज की। जांच के दौरान भोपाल में लोकेशन मिलने पर विशेष टीम गठित कर रवाना किया गया। 16 अप्रैल 2026 को भोपाल के खिजड़ा रोड (चेला मंदिर के पास) से आरोपी ललित वर्मा (26 वर्ष) को हिरासत में लिया गया और उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपहरण करने और उसके साथ दुष्कर्म करना स्वीकार किया। इसके बाद विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए 18 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Loading...


