लंबित जनदर्शन प्रकरणों की समीक्षा, बोर्ड परीक्षाओं व धान खरीदी पर दिए अहम निर्देश
राजनांदगांव - कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजी पोर्टल, पीजीएन तथा कलेक्टर जनदर्शन में लंबित प्रकरणों का गहन परीक्षण करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी पर विशेष फोकस किया जाए। बेहतर परिणाम के लिए सतत मार्गदर्शन जरूरी है। गणित, अंग्रेजी और विज्ञान जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने के साथ नीट ऑनलाइन कोचिंग में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। धान खरीदी को लेकर कलेक्टर ने कहा कि शेष दिनों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। टोकन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही धान उठाव में तेजी लाने, एंट्री, भौतिक सत्यापन एवं नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को समय पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन के लिए नियमित फील्ड विजिट कर कार्यों की मॉनिटरिंग करने को कहा। किसानों को मत्स्य पालन हेतु किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ने एवं संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर लाभान्वित करने पर भी बल दिया। बैठक में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, हेलमेट उपयोग को बढ़ावा देने, सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रेत के अवैध उत्खनन की शिकायतों पर त्वरित जांच के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी एसडीएम एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।

