डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा मां बम्लेश्वरी छिरपानी प्रांगण में रजत जयंती वर्ष 2025-26 कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे रहे.इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ डोंगरगढ़ शहर के प्रत्येक घर तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से आम नागरिकों को उपभोक्ता से ऊर्जादाता बनाया जाएगा, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय के साधन भी उपलब्ध होंगे. उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा पिछले 25 वर्षों में विकास और जनसुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार किया गया है, जिससे आम नागरिकों के जीवन स्तर में बड़ा परिवर्तन आया है। आज बिजली मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है और इसके बिना आधुनिक जीवन की कल्पना संभव नहीं है. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट डोंगरगढ़ के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने विद्युत कंपनी को रजत जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंदिर परिसर को पीएम सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा से रोशन करने के लिए ट्रस्ट में प्रस्ताव रखा जाएगा। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण एवं विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान को सराहनीय बताया. कार्यक्रम में विद्युत विभाग की विभिन्न योजनाओं—मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना, बीपीएल कनेक्शन योजना, कृषक जीवन ज्योति योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम कुसुम योजना सहित आधुनिक सेवाएं जैसे मोर बिजली ऐप, केंद्रीकृत कॉल सेंटर 1912, ई-संपर्क सेवा, ई-मेल एवं ऑनलाइन उपभोक्ता सेवाओं की जानकारी दी गई. जानकारी दी गई कि ग्राम भंडारपुर में 64 करोड़ रुपये की लागत से 132/33 केवी उच्चदाब उपकेंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसका ऊर्जीकरण मार्च 2026 तक किए जाने की संभावना है. इस अवसर पर अतिथियों द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थी, बीपीएल कनेक्शनधारी उपभोक्ता, महिला उपभोक्ता, कृषक तथा जीवन ज्योति योजना से जुड़े कुल पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया
Loading...

