खैरागढ़: खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला के पहले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय के सुशासन पर जनता ने अपनी मोहर लगा दी है। भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत एवं समर्थित प्रत्याशियों ने भारी बहुमत से जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस को बैकफुट पर धकेल दिया है।
जिला पंचायत चुनाव के प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू के कुशल नेतृत्व तथा विकांत सिंह के मार्गदर्शन में जिला पंचायत की 10 में से 8 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। इनमें श्रीमती हेमलता निजाम मंडावी, श्रीमती प्रियंका खम्मन ताम्रकार, श्री विकांत सिंह, श्री ललित चोपड़ा, दिनेश वर्मा, श्रीमती अरुणा सिंह बनाफर, श्रीमती जमुना कुर्रे एवं श्रीमती भुनेश्वरी देवांगन शामिल हैं। इस जीत के साथ यह तय हो गया है कि नवीन जिला के प्रथम जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष भाजपा से ही होंगे।
इसी तरह छुईखदान एवं खैरागढ़ जनपद पंचायतों में भी भाजपा के अधिकृत एवं समर्थित प्रत्याशियों ने एकतरफा जीत दर्ज की है। यह जीत सुनिश्चित करती है कि इन जनपद पंचायतों में भी भाजपा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बनेंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर भी भाजपा समर्थित पंच-सरपंचों ने भारी संख्या में जीत हासिल कर पार्टी की मजबूती को साबित कर दिया है।
जनता ने इस चुनाव में मोदी जी की गारंटी और विष्णु देव सरकार के 13 महीने के कार्यकाल के दौरान किसानों, महिलाओं, गरीबों और युवाओं के लिए किए गए कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है। यह चुनावी परिणाम दर्शाते हैं कि गांवों में भी भाजपा की नीतियों को व्यापक समर्थन मिला है।
दूसरे चरण में होने वाले चुनावों में भी भाजपा के अधिकृत जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत प्रत्याशियों के साथ-साथ पंच-सरपंचों की भी भारी जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। यह परिणाम भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और जनता के समर्थन का स्पष्ट प्रमाण हैं।

