राजनांदगांव - जिले के ओपी सुकुलदैहान थाना क्षेत्र अंतर्गत लालबाग के ग्राम हरदी स्थित झीपानाला पुल के पास डाउन रेलवे लाइन पर नवजात शिशु की मौत का हृदयविदारक मामला सामने आया है. मर्ग जांच पूर्ण होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 94 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है. यह घटना 05 नवंबर 2025 की सुबह लगभग 5 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है. रेलवे ट्रैक मेन अखिल महोबिया ने पुलिस को सूचना दी कि डाउन लाइन के खंभा नंबर 910/04.06 के पास रेलवे ट्रैक पर नवजात शिशु का शव कटी हुई अवस्था में पड़ा है, जिसे सफेद रंग के कैरी बैग से ढंका गया था. ओपी सुकुलदैहान पुलिस द्वारा मर्ग क्रमांक 105/25 धारा 194 BNSS के तहत की गई जांच में यह तथ्य सामने आया कि अज्ञात आरोपी ने नवजात बालक (उम्र 0 वर्ष) के जन्म को छिपाने की नीयत से उसे चलती ट्रेन से झीपानाला क्षेत्र में फेंक दिया। तेज हवा के कारण शिशु नाले में गिरने के बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पर आ गया जहां ट्रेन से कटने के कारण उसकी मृत्यु हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा, शव निरीक्षण, घटनास्थल निरीक्षण सहित गवाहों के कथन दर्ज कर मर्ग जांच की गई. जांच में अपराध घटित होना पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 94 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है. अज्ञात आरोपी की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों की जानकारी रेलवे स्टाफ से प्राप्त सूचनाएं और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. मामले की सूचना माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव न्यायालय को भेज दी गई है.
Loading...

