राजनांदगांव पुलिस ने नाबालिग बच्चों को नशे के उद्देश्य से व्हाइटनर और डायल्यूटर बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक स्टेशनरी दुकान पर पुलिस ने दबिश देकर दुकानदार को रंगे हाथों पकड़ लिया। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस एवं साइबर टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। जांच के दौरान सामने आया कि नाबालिग बच्चे व्हाइटनर एवं डायल्यूटर जैसे रासायनिक पदार्थों का उपयोग इनहेलेंट एब्यूज के रूप में कर रहे थे, जो उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। पुलिस के अनुसार ऐसे पदार्थों का सेवन बच्चों में गंभीर व दीर्घकालिक दुष्प्रभाव पैदा करता है और आगे चलकर उन्हें किशोर अपराध की ओर भी धकेल सकता है। मामले में तुलसीपुर निवासी प्रेमलाल देवांगन, संचालक देवांगन जनरल स्टोर के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
Loading...

