डोंगरगांव | डोंगरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटगुना में जमीन-जायदाद व पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी शेख सलीम पिता शेख बशीर (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम भटगुना, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) ने दिनांक 19 जून 2025 को अपने पिता शेख बशीर (उम्र 75 वर्ष) के साथ जमीन-जायदाद के पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद किया। विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पिता के साथ हाथ-मुक्कों से गंभीर मारपीट की। घायल अवस्था में परिजनों द्वारा शेख बशीर को सीएचसी डोंगरगांव में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान दिनांक 23 जून 2025 को उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की बहू श्रीमती संजू खान के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने पहले अपराध क्रमांक 201/25 धारा 296, 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया था। मृत्यु होने के पश्चात प्रकरण में धारा 109(1), 103(1) बीएनएस जोड़ी गई। विवेचना के दौरान पूछताछ में आरोपी शेख सलीम ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह चाहता था कि जमीन-जायदाद का पैसा उसके छोटे बच्चे के नाम किया जाए। इसी बात को लेकर पुरानी रंजिश थी और एक सप्ताह पूर्व भी मारपीट के मामले में वह जेल जा चुका था। इसी रंजिश के चलते उसने पिता के साथ गंभीर मारपीट की, जिससे चेहरे पर कई फ्रैक्चर, श्वांस नली टूटने और अंदरूनी रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिस पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं एसडीओपी डोंगरगांव दिलीप सिसोदिया के निर्देशन में थाना प्रभारी डोंगरगांव निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी की गई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक 233 संदीप देशमुख, आरक्षक धर्मेन्द्र मांडले, जीतेश साहू एवं चन्द्रप्रकाश हरमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
Loading...

