राजनांदगांव। डोंगरगढ़ निवासी कीर्ति डकहा ने डोंगरगढ़ स्थित श्रीराम कृपा हॉस्पिटल पर गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि बिना समुचित व पूरी जांच के उनका इलाज शुरू कर दिया गया और उन्हें यह भरोसा दिलाया गया कि सब कुछ सामान्य है, जबकि सच्चाई इससे कहीं अलग थी। कीर्ति डकहा के अनुसार इलाज के दौरान उनका ऑपरेशन किया गया लेकिन ऑपरेशन से पहले और बाद में यह तक नहीं बताया गया कि ऑपरेशन किस डॉक्टर द्वारा किया गया। इलाज के बाद उनकी हालत सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती चली गई। जब स्थिति गंभीर हुई और दोबारा जांच कराई गई, तब पता चला कि वे सेकंड स्टेज कैंसर से पीड़ित हैं।पीड़िता का कहना है कि यदि शुरुआत में ही सही जांच होती और उन्हें सच्चाई बताई जाती, तो शायद आज उनकी स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। उन्होंने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पहले ही कलेक्टर राजनांदगांव को सौंप दी है। न्याय और जवाबदेही की मांग को लेकर कीर्ति डकहा आज दोपहर 12 बजे कलेक्टर से मिलने जा रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने प्रेस क्लब राजनांदगांव में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने इलाज से जुड़ी पूरी सच्चाई सार्वजनिक करने की घोषणा की है। पीड़िता ने मीडिया और समाज से अपील की है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें ताकि भविष्य में किसी अन्य महिला को इस तरह की कथित चिकित्सकीय लापरवाही का शिकार न होना पड़े।
Loading...

