रायगढ़। क्रांतिकारी संदेश - छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। तमनार के बाद अब रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के घटगांव गांव में अफीम की खेती पकड़ी गई है। सब्जियों की बाड़ी के बीच छिपाकर उगाई जा रही इस फसल की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार घटगांव में अफीम की खेती बेहद सुनियोजित तरीके से छिपाकर की जा रही थी। इससे पहले तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में भी डेढ़ एकड़ में अफीम की खेती का खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि झारखंड निवासी मार्शल सांगा पिछले 10–12 वर्षों से इस क्षेत्र में खेती कर रहा था और उसने स्थानीय किसान से जमीन लेकर तरबूज-ककड़ी की आड़ में अफीम उगाना शुरू किया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले झारखंड में अफीम की खेती करता था और उसी तरीके को रायगढ़ में लागू किया गया। लगातार बढ़ रहे मामले, 17 दिन में 5वीं कार्रवाई 7 मार्च दुर्ग (समोदा) में BJP नेता के खेत से 7.88 करोड़ की अफीम जब्त, 10 मार्च बलरामपुर (कुसमी) में 3.67 एकड़ में अफीम, 7 गिरफ्तार, 12 मार्च बलरामपुर (कोरंधा) में ढाई एकड़ में अफीम, 20 मार्च रायगढ़ (तमनार) के आमाघाट में डेढ़ एकड़ में खेती, अब लैलूंगा (घटगांव) में नया मामला सामने. महज 17 दिनों के भीतर सामने आया यह पांचवां मामला पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अफीम की अवैध खेती पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस अवैध कारोबार को किसी प्रशासनिक या राजनीतिक संरक्षण तो नहीं मिल रहा।
Loading...

