राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने छिरपानी परिसर डोंगरगढ़ में अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव सोमावार, कलेक्टर जितेन्द्र यादव और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संभागायुक्त राठौर ने कहा कि नवरात्रि के दौरान माँ बम्लेश्वरी मंदिर में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पदयात्री दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव सोमावार ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और आयोजन समिति के समन्वय से नवरात्रि मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, शौचालय और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर, सीढ़ियों और मेला स्थल में नियमित साफ-सफाई के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ऊपर मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन को सरल और सुगम बनाने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पार्किंग में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए दुकानों में प्लास्टिक थैली के उपयोग पर जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत ऊपर और नीचे मंदिर परिसर में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा जिले के 48 निजी अस्पताल भी नवरात्रि के दौरान चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। मेले की व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर, मेला स्थल और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी और आपात स्थिति के लिए क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात रहेगी। पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए दुर्घटना संभावित स्थानों पर संकेतक, रेडियम और अस्थायी गति अवरोधक भी लगाए जाएंगे।बैठक में नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ के अध्यक्ष रमन डोंगरे, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीएम एम. भार्गव, एसडीओपी केसरी नंदन नायक तथा माँ बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनील गट्टानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
Loading...

