खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस को फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। करीब 13 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी रोहन तिवारी को खैरागढ़ पुलिस ने राजनांदगांव से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी रोहन तिवारी पिता शिव तिवारी निवासी राजनांदगांव के विरुद्ध थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 236/2012, धारा 420 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज था। वर्ष 2013 में जमानत मिलने के बाद वह लगातार फरार हो गया था। लंबे समय तक न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना खैरागढ़ पुलिस ने लगातार पतासाजी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 3 अगस्त 2026 को राजनांदगांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
Loading...

