रायपुर - सोन कुमार सिन्हा - इंडियन नेशनल कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपने तीन विधायकों को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल को उपनेता, डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू को मुख्य सचेतक और मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया को उप सचेतक नियुक्त किया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इन नियुक्तियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तीनों विधायकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। नेता प्रतिपक्ष कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. महंत ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायी दल में की गई इन नियुक्तियों का स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल तथा प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के प्रति आभार जताया है। डॉ. महंत ने कहा कि लखेश्वर बघेल के अनुभव से सदन में विपक्ष की भूमिका और सशक्त होगी। वहीं दलेश्वर साहू को मुख्य सचेतक बनाए जाने पर उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विधायी कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा। मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया को उप सचेतक की जिम्मेदारी मिलने पर भी उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई टीम विपक्ष की आवाज को प्रभावी ढंग से सदन में उठाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई टीम सदन के भीतर जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएगी और छत्तीसगढ़ के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से संगठन और विधायी दल को नई ऊर्जा मिलेगी।
Loading...

