खैरागढ़। शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर आदतन आरोपी अमन उर्फ फनीस रजक (19 वर्ष) ने खुलेआम गुंडागर्दी दिखाते हुए युवक और उसके साथी पर डंडे से हमला कर दिया। घटना के बाद खैरागढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार 27 जून को ग्राम खैरबना निवासी कौशल पटेल अपने साथियों के साथ धरमपुरा स्थित शराब भट्टी के पास गया था। इसी दौरान बरेठपारा निवासी आदतन आरोपी अमन उर्फ फनीस रजक ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ में रखे डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर प्रार्थी एवं उसके साथी को घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 254/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण गवाहों के बयान और तकनीकी जांच के बाद आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में आदतन अपराधियों, असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Loading...

