खैरागढ़: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में मतदान के बाद ग्रामीण जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और प्रदेश में भाजपा सरकार के सुशासन पर भरोसा जताया है। इस चुनाव में 5 जिला पंचायत, 25 जनपद पंचायत और 107 ग्राम पंचायत पदों के लिए मतदान हुआ, जिसमें भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया।
जिला पंचायत चुनाव में भाजपा अधिकृत 5 में से 4 प्रत्याशियों— हेमलता निजाम मंडावी, प्रियंका खम्मन ताम्रकार, विकांत सिंह और ललित चोपड़ा— ने भारी मतों से जीत दर्ज की। वहीं, छुईखदान जनपद पंचायत में भी भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों ने एकतरफा जीत हासिल की, जिससे अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा का कब्जा लगभग तय माना जा रहा है।
इसके अलावा, ग्राम पंचायतों में भी अधिकांश पंच और सरपंच पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। यह दर्शाता है कि ग्रामीण जनता ने मोदी सरकार की योजनाओं और विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के 13 माह के सुशासन पर भरोसा जताया है। किसानों, महिलाओं, गरीबों और युवाओं के लिए किए गए कार्यों पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है।
जिला पंचायत चुनाव प्रभारी और पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू के कुशल नेतृत्व और विकांत सिंह के मार्गदर्शन में भाजपा ने यह शानदार सफलता हासिल की। उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में भी भाजपा अधिकृत प्रत्याशियों और समर्थित पंच-सरपंचों को विजयी बनाने की अपील की।

