गंडई। थाना गंडई क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी कर जान से मारने की धमकी देने वाले चार शातिर युवकों को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में धरदबोचा। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिले की केसीजी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और ठगी गई राशि समेत अन्य सामग्री बरामद की। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को मोहम्मद शादाब अंसारी ने थाना गंडई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चार युवकों ने कपड़ा खरीदने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर चाकू की नोंक पर डराकर फोन पे से ₹73,000 ट्रांसफर करवा लिया। इसके अलावा ₹4,000 नगद और एक सेट कोर्ट-पैंट कपड़ा (कीमत ₹7,887) भी ले गए। कुल ठगी की रकम ₹84,887 बताई गई। थाना गंडई में इस पर अपराध क्रमांक 354/2025 धारा 126(2), 318(4), 308(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जैसे ही घटना की सूचना जिला पुलिस को मिली तत्काल एक टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। मुखबिर से मिली सूचना और पीड़ित के बयान के आधार पर संभावित स्थानों पर दबिश देकर चारों आरोपियों रहेमान खान पिता रसीद खान उम्र 23 वर्ष, याकूब खान पिता लतीफ खान उम्र 22 वर्ष इमरान खान पिता सलीम खान उम्र 23 वर्ष, राघव श्रीवास पिता संजू श्रीवास उम्र 20 वर्ष सभी निवासी पंडरिया गंडई को हिरासत में लिया गया। इसके साथ ही ₹73,000 की ऑनलाइन ट्रांसफर राशि को तत्काल होल्ड कराया गया। चारों आरोपियों से कुल ₹4,000 नगद, ₹7,887 मूल्य का कपड़ा समेत कुल ₹11,887 की सामग्री जब्त की गई है। गंडई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
Loading...

