खैरागढ़। शनिवार की संध्या संगीत नगरी खैरागढ़ के लिए आध्यात्मिक उल्लास और गहन भक्तिमय वातावरण लेकर आई, जब ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में 1008 पार्थिव शिवलिंगों के महारुद्राभिषेक का भव्य आयोजन संपन्न हुआ. इस दिव्य आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु उमड़े और शिव आराधना में लीन हो गए. श्रीराम गौ सेवा समिति जय जगन्नाथ सेवा समिति, राजपरिवार दुर्गा उत्सव समिति एवं गोपीनाथ मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन ने पूरे नगर को शिवभक्ति की अविरल धारा से सराबोर कर दिया. कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, शिव तांडव स्तोत्र एवं “ॐ नमः शिवाय” के सामूहिक जाप के साथ हुआ. छुईखदान क्षेत्र के कुम्हारों द्वारा निर्मित पार्थिव शिवलिंगों पर जल, दूध, बेलपत्र एवं पूजन सामग्री से सामूहिक महारुद्राभिषेक किया गया। मंत्रोच्चार की गूंज, धूप-दीप की सुगंध और श्रद्धालुओं की एकाग्र साधना से संपूर्ण वातावरण अत्यंत भक्तिमय हो उठा. आयोजन स्थल पर भव्य मंदिरनुमा पंडाल का निर्माण किया गया था. पंडाल में स्थापित आदियोगी की विशाल प्रतिमा एवं राधा-कृष्ण की मनोहारी प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे आयोजन के दौरान “हर-हर महादेव” के जयघोष से मैदान गूंजता रहा. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विभाष पाठक एवं उनके समूह द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान की गई भव्य आतिशबाजी ने आयोजन की शोभा और भी बढ़ा दी. समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति के सदस्य बंटी रंगलानी ने बताया कि यह आयोजन अपने छठवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और श्रद्धालुओं की आस्था के साथ इसकी भव्यता हर वर्ष बढ़ती जा रही है। समिति ने सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
Loading...

