राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से नगर पालिक निगम राजनांदगांव के 226 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रायपुर से वर्चुअल रूप से जुड़े, जबकि स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद संतोष पाण्डेय, महापौर श्री मधुसूदन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि पुष्पवाटिका योगा हॉल राजनांदगांव में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह भूमिपूजन केवल विकास कार्यों की शुरुआत नहीं, बल्कि शहर के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र के साथ प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में राजनांदगांव की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत मिशन 2.0 के तहत शहर में घरेलू अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक उपचार के लिए दो नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जिससे गंदे पानी को नदियों और नालों में जाने से रोका जा सकेगा। साथ ही मुख्यमंत्री नगरोउत्थान योजना के तहत सड़कों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में 2 हजार सीटर का अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा, जो संस्कारधानी की कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच प्रदान करेगा। इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर के उन्नयन, नाली निर्माण, पाइपलाइन विस्तार तथा शहर के 51 वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशेष बजट प्रावधान किए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए नए संयंत्र भी स्थापित किए जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव उनके दिल के बेहद करीब है और संकल्प बजट 2026-27 में जिले के समग्र विकास के लिए 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। शिवनाथ नदी के संरक्षण और विकास के लिए 250 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा, नगरीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से भी कई विकास कार्य प्रस्तावित हैं। प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि इन विकास कार्यों से शहर में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता बनाए रखने और आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को बेहतर स्थान दिलाने के लिए सहयोग की अपील की. सांसद संतोष पाण्डेय और महापौर श्री मधुसूदन यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और शहर के नागरिकों को बधाई दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिव बघेल, नगर निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
Loading...

