खैरागढ़ । राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी NTA ने NEET-UG 2026 के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। देशभर के लाखों अभ्यर्थी 21 जून रविवार को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। एनटीए ने परीक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा जांच की जाएगी। एनटीए के अनुसार अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में केवल एडमिट कार्ड, स्व-घोषणा पत्र (Undertaking), वैध फोटो पहचान पत्र (आधार, पैन, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट) तथा पारदर्शी पानी की बोतल ही लेकर जा सकेंगे। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, ईयरफोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूरी तरह वर्जित रहेगी। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। एडमिट कार्ड के साथ दिए गए स्व-घोषणा पत्र पर निर्धारित स्थान पर पोस्टकार्ड आकार का फोटो चिपकाना और सभी आवश्यक विवरण भरना अनिवार्य है। वहीं PwD/PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों को अपने प्रमाण-पत्र और संबंधित दस्तावेज साथ लाने होंगे। एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र का स्थान पहले से सत्यापित कर लें ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो। विशेष परिधान या धार्मिक रीति-रिवाजों के कारण अतिरिक्त जांच की आवश्यकता होने पर समय से पहले केंद्र पहुंचें। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। अनुचित साधनों (Unfair Means) का उपयोग करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़ी हर नई सूचना के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट, पंजीकृत ई-मेल और मोबाइल पर प्राप्त संदेशों पर नियमित नजर बनाए रखें।
Loading...

