खैरागढ़ - थाना गंडई पुलिस ने बैंक से लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर आम नागरिक को आसान बैंक लोन का झांसा देकर 8 लाख 26 हजार 570 रुपये की धोखाधड़ी की। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ठढार निवासी अश्वनी कुमार जांगड़े (53) ने थाना गंडई में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि भिलाई निवासी अभिषेक गिरी ने केनरा बैंक दुर्ग से 36 लाख रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से रुपये मंगवाए। शिकायतकर्ता से आरोपी द्वारा नगद 2,84,900 रुपये तथा विभिन्न मोबाइल नंबरों व बैंक खातों के माध्यम से कुल 5,41,670 रुपये ट्रांसफर कराए गए। इस प्रकार कुल 8,26,570 रुपये की ठगी की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी अभिषेक गिरी पिता पप्पू गिरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी कैम्प-01 भिलाई, थाना छावनी जिला दुर्ग को चिन्हांकित कर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने गिरोह के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को बैंक लोन दिलाने का लालच देकर फोन-पे और नगद रकम के माध्यम से ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी को 09 फरवरी 2026 की रात 8:35 बजे गिरफ्तार कर धारा 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है।
Loading...

