खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। क्षेत्र की जीवनरेखा कही जाने वाली लालपुर रोड इन दिनों जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। यह मार्ग लिमो से मोहगांव तक जाता है और दो जिलों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है। खराब सड़क के कारण रोजाना ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के दिनों में यह सड़क तालाब जैसी नजर आती है। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को खासी दिक्कत होती है। वहीं अधूरी और अव्यवस्थित नाली के कारण पानी की निकासी भी बाधित हो रही है।
ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला उपाध्यक्ष तोरण पटेल के नेतृत्व में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने सड़क और नाली निर्माण की मांग को प्रशासन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़िया युवा क्रांति सेना गंडई ब्लॉक अध्यक्ष गौतम यादव, मोहन धनकर, भुवन मेरावी, होरीलाल पटेल, अशोक पटेल, कीर्तन सेन, लक्ष्मण पटेल, धर्मेंद्र यदु, तोरण यदु, अर्जुन यादव और योगेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर सड़क की समस्या पर चिंता जताई और इसे जल्द दूर करने की अपील की।

