कोरबा। कोरबा जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. दर्री थाना क्षेत्र के आशा नगर लता में रहने वाले लकवाग्रस्त युवक की उसकी ही पत्नी ने कीटनाशक पिलाकर कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका भी जताई जा रही है. जानकारी के अनुसार मृतक अरुण सिंह (38) पिछले डेढ़ साल से लकवा और टीबी से पीड़ित था. वह पूरी तरह अपनी पत्नी बंटी देवी (35) पर निर्भर था. परिवार के अन्य सदस्य भी उसके इलाज में आर्थिक सहयोग कर रहे थे.27 जनवरी को बंटी देवी ने फूलों पर छिड़काव का बहाना बनाकर अपने 13 वर्षीय बेटे को बाजार से कीटनाशक लाने भेजा. शाम के समय उसने बच्चों को कमरे से बाहर भेज दिया और कथित तौर पर पानी में कीटनाशक मिलाकर पति को पिला दिया. दंपति की बेटी ने खिड़की से अपनी मां को कीटनाशक मिला पानी पिलाते हुए देखा और भाई को इसकी जानकारी दी. बाद में बच्चों ने देखा कि घर में रखी कीटनाशक की बोतल पूरी तरह खाली थी. कीटनाशक पीने के बाद अरुण सिंह की हालत बिगड़ने लगी. रात करीब 1:30 बजे उन्हें उल्टियां होने लगीं लेकिन पत्नी ने बार-बार अस्पताल ले जाने की बच्चों की गुहार को टाल दिया. पूरी रात अरुण दर्द से तड़पते रहे. आखिरकार 28 जनवरी की सुबह उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान 30 जनवरी को उनकी मौत हो गई. बच्चों के बयान के आधार पर पुलिस ने बंटी देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने पति को कीटनाशक पिलाकर हत्या करने की बात कबूल कर ली. पुलिस को बेटे ने यह भी बताया कि उसकी मां अक्सर किसी अज्ञात व्यक्ति से मोबाइल पर बात किया करती थी जिसके बाद पुलिस ने मामले में प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. मामले की विवेचना जारी है.
Loading...

