रायपुर। हैंडिहोप दिव्यांगजन वेलफेयर एसोसिएशन के छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं 80 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद अदम्य इच्छाशक्ति से पैरा खेलों में सक्रिय ऋषि मिश्रा ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। जनवरी 2026 में रायपुर में आयोजित 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाला फेंक एवं तवा फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक, जबकि गोला फेंक में रजत पदक हासिल किया. ऋषि मिश्रा की इस उपलब्धि पर हैंडिहोप दिव्यांगजन वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया. संस्था के अध्यक्ष दीपक कुमार द्विवेदी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऋषि मिश्रा न केवल खेल के मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि दिव्यांगजनों के अधिकारों और उनके कल्याण की लड़ाई में भी संस्था के एक मजबूत स्तंभ के रूप में कार्य कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि ऋषि मिश्रा को हाल ही में मेरठ में आयोजित एक समारोह में ‘राष्ट्रीय दिव्यांग रत्न’ सम्मान से भी नवाजा गया है. उनकी यह सफलता उन सभी दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो शारीरिक चुनौतियों के कारण अपने सपनों को अधूरा छोड़ देते हैं. ऋषि मिश्रा ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत संकल्प और निरंतर प्रयास से हर बाधा को पार किया जा सकता है.
Loading...

