कवर्धा। शहर के दक्ष पैलेस में आयोजित तीन दिवसीय ओशो आवासीय ध्यान शिविर रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कनाडा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए ओशो प्रेमियों एवं स्थानीय साधकों ने सहभागिता करते हुए ध्यान साधना के माध्यम से मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। शिविर का संचालन स्वामी बोधीमन्यू द्वारा किया गया, जिन्होंने ओशो द्वारा विकसित विभिन्न ध्यान विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि ध्यान केवल साधना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन में अपनाने से व्यक्ति तनाव, भय और भ्रम से मुक्त होकर चेतना के उच्च स्तर तक पहुंच सकता है। यही ओशो दर्शन का मूल संदेश है। शिविर के आयोजक स्वामी प्रेम कृष्ण ने बताया कि कवर्धा के समीप बरभंवर क्षेत्र में एक स्थायी ओशो आश्रम की स्थापना की तैयारी चल रही है। इसके लिए लगभग 12 एकड़ भूमि का चयन किया गया है। प्रस्तावित आश्रम भविष्य में देश-विदेश से आने वाले ओशो साधकों के लिए ध्यान और साधना का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि आश्रम निर्माण की प्रक्रिया आगामी छह माह से एक वर्ष के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य से लोगों को ध्यान के प्रति जागरूक करने और ओशो विचारधारा से जोड़ने के लिए इस आवासीय ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। आने वाले समय में कवर्धा सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी ध्यान शिविर आयोजित किए जाएंगे। तीन दिवसीय शिविर के समापन अवसर पर साधकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए ध्यान को जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला बताया। स्थानीय स्तर पर इस तरह के आयोजन को मानसिक स्वास्थ्य और आंतरिक संतुलन की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Loading...

