रायपुर:कहते हैं कि जब इंसान इश्क में पड़ जाता है तो नियम-कानून भी पीछे रह जाते हैं. राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल में एक ऐसा ही मामला सामने आया। जेल में बंद कैदी तारकेश्वर का जन्मदिन था. उसकी गर्लफ्रेंड मिलने के लिए जेल पहुंची और मुलाकाती कक्ष में उसका वीडियो बना लिया. वीडियो में युवती कहती नजर आईंआज मेरी जान का बर्थडे है, मैं उससे मिलने जा रही हूं. मुलाकात के बाद कैदी के रिएक्शन के साथ वीडियो में गाना दीवाना मुझे कर गया हाय रे जाना तेरा’ भी जोड़ा गया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. कैदी किस मामले में बंद है? अधिकृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन चर्चा है कि तारकेश्वर NDPS मामले में जेल में बंद है। वायरल वीडियो ने जेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि मोबाइल या कैमरा लेकर युवती कैसे जेल में प्रवेश कर गई. यह पहला मामला नहीं है जब रायपुर जेल के कैदी का वीडियो वायरल हुआ हो. इससे पहले भी कैदी का जेल में जिम करते हुए वीडियो और सेल्फी वायरल हो चुका था। उस समय महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं ने कार्रवाई करते हुए अष्टकोण अधिकारी संदीप कश्यप को निलंबित किया था. अब देखना यह है कि इस बार जेल प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है.