रायपुर। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन (CJU) की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को रायपुर स्थित सालिम हॉस्टल में दोपहर 1 बजे आयोजित की गई। बैठक की जानकारी देते हुए यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोन कुमार सिन्हा ने बताया कि यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे के मार्गदर्शन एवं IFWJ के पर्यवेक्षक एवं राष्ट्रीय सचिव शिवशंकर सोनपिपरे की उपस्थिति में सदस्यों की सलाह पर आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। प्रमुख रूप से कुलवंत सलूजा, राजेश मिश्रा, बसंत सचदेव, आशीष कंठले, ममता सिंह, विप्लव दत्ता, सोनकुमार सिन्हा, एन.के. सिन्हा, उमाशंकर दिवाकर, तामेश्वर खरे, राजेन्द्र कुमार पालीवाल, रामकुमार टंडन, अमित कुमार मिश्रा, हरीश तिवारी, आशीष जैन, प्रीतलाल कुर्रे एवं नागेन्द्र वर्मा की उपस्थिति रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को सशक्त बनाना, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करना रहा।
बैठक में सर्वसम्मति से व्यास पाठक को छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नियुक्ति के पश्चात उपस्थित सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दुबे ने नव-नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी सदस्यों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन की रूपरेखा तैयार करने की योजना की भी जानकारी दी। नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष व्यास पाठक ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि वे सदैव पत्रकार हित और संगठन हित में कार्य करेंगे तथा छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन को प्रदेश और देश स्तर पर एक नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

