रायपुर/ सोनकुमार सिन्हा : बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जम्बूरी को लेकर गंभीर प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितताओं के सवाल उठाए हैं। इन्हीं आरोपों और विवादों को ध्यान में रखते हुए बालोद में प्रस्तावित राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जम्बूरी को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। यह जम्बूरी 9 जनवरी से बालोद में आयोजित होनी थी लेकिन लगातार सामने आ रहे विवादों के चलते यह फैसला किया गया। यह निर्णय स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के वैधानिक अध्यक्ष एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार 5 जनवरी को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में राज्य परिषद के उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि पूर्व में राज्य कार्यकारिणी एवं राज्य परिषद द्वारा राष्ट्रीय/आदिवासी रोवर–रेंजर जम्बूरी का आयोजन राजधानी क्षेत्र नया रायपुर में करने का निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद, राज्य परिषद की अनुमति के बिना आयोजन स्थल बदलकर बालोद कर दिया गया, जो कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के संविधान और नियमों का उल्लंघन है। बैठक में यह भी गंभीर तथ्य सामने आया कि राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय जम्बूरी के लिए स्वीकृत 10 करोड़ रुपये की राशि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के खाते में स्थानांतरित न कर जिला शिक्षा अधिकारी, बालोद के खाते में भेज दी गई। इसे संस्था की स्वायत्तता पर सीधा हस्तक्षेप और स्पष्ट वित्तीय अनियमितता माना गया। इसके अलावा बिना विधिवत टेंडर प्रक्रिया अपनाए जम्बूरी स्थल पर निर्माण कार्य कराए जाने और टेंडर आमंत्रण भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के बजाय जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किए जाने के आरोप भी सामने आए। इन कारणों से आयोजन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग रहे हैं, जो समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुए हैं। बैठक में दोहराया गया कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स एक स्वतंत्र और स्वायत्त राष्ट्रीय संस्था है, जिसका संचालन अपने संविधान और नियमावली के अनुसार होता है, न कि किसी विभागीय आदेश पर। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लगातार हस्तक्षेप को दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया। इन सभी तथ्यों पर गहन विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि बालोद में प्रस्तावित राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जम्बूरी को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि इसके बावजूद आयोजन किया जाता है, तो उसकी समस्त प्रशासनिक, वित्तीय और नैतिक जिम्मेदारी स्कूल शिक्षा विभाग की होगी। उल्लेखनीय है कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल वर्तमान में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य अध्यक्ष हैं और उन्होंने अपने पद से किसी प्रकार का इस्तीफा नहीं दिया है।
Loading...

