डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डोंगरगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां बमलेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उनके आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। “जिंदाबाद” और जय माता दी के नारों से मंदिर परिसर गूंज उठा और पूरे वातावरण में भक्तिमय उत्साह देखने को मिला। मंदिर में दर्शन के दौरान श्री बघेल ने नारियल, फूल और प्रसाद अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा के पश्चात उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मां बमलेश्वरी की कृपा से प्रदेश में सदैव शांति और समृद्धि बनी रहे। भूपेश बघेल का डोंगरगढ़ से विशेष जुड़ाव रहा है और वे समय-समय पर यहां आकर दर्शन करते रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दूर-दराज से उनके स्वागत और दर्शन के लिए पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा, वहीं मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इस अवसर पर डोंगरगढ़ की विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल, कांग्रेस नेता नवाज खान, हरीश भंडारी, थानेश्वर पतीला, इंदरपाल भाटिया, विष्णु लोधी, नलिनी मेश्राम, अनिल घटानी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Loading...

