
खैरागढ़ - अंकित महोबिया - कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार रात जिला अस्पताल खैरागढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा चिकित्सकीय संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जन औषधि केंद्र नियत समय से पहले, रात 10 बजे से पूर्व ही बंद मिला, जिस पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे मरीजों के हितों के विपरीत बताते हुए जन औषधि केंद्र को 24 घंटे संचालित करने की मांग की, ताकि आपात स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयों के लिए भटकना न पड़े। कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचे और भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता एवं साफ-सफाई की जानकारी ली। चिकित्सकों के रोस्टर चार्ट की जांच के साथ ड्रेसिंग वार्ड का निरीक्षण कर दुर्घटना में घायल मरीजों के उपचार हेतु आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता भी देखी गई। निरीक्षण के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज राजपूत उपस्थित रहे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के उचित उपचार, समय पर सेवाएं और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री द्वारा पूर्व में जिला अस्पताल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात में दवाइयों की उपलब्धता न होना स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की कमजोरी को दर्शाता है। निरीक्षण में नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, विधायक प्रतिनिधि रवींद्र सिंह गहरवार, सूर्यकांत यादव, महेश यादव, शेखर दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

