
खैरागढ़/बाजार अतरिया। शाखावंश गुरु गोस्वामी समाज का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन रविवार को बाजार अतरिया में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारियों, युवाओं, महिलाओं एवं समाजजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षा के प्रसार, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सद्गुरु कबीर साहेब एवं गुरु धनी धर्मदास साहेब के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। वक्ताओं ने समाज की प्रगति के लिए संगठनात्मक मजबूती, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सामूहिक सहभागिता को आवश्यक बताते हुए सभी वर्गों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सम्मेलन में समाजहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इनमें सामाजिक भवन निर्माण, गुरु धनी धर्मदास साहेब प्रकटोत्सव का सामूहिक आयोजन, धर्मनगर दामाखेड़ा में एकोतरी यज्ञ, तथा युवाओं को सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने जैसे प्रस्ताव प्रमुख रहे। इसके साथ ही शिक्षा प्रसार, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया गया।
नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन
सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश शाखावंश गुरु गोस्वामी समाज की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें छत्रपाल साहेब (मुंगेली) – अध्यक्ष, चंद्रशेखर उर्फ राजा साहेब (बेमेतरा) उपाध्यक्ष कुशल साहेब (परपोड़ी) उपाध्यक्ष, लीलादास साहेब (अतरिया) कोषाध्यक्ष, कुलदीप साहेब (सैगोना) सचिव, दुष्यंत साहेब (रायपुर) – सहसचिव नवनियुक्त पदाधिकारियों का समाजजनों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
सलाहकार मंडल और मीडिया प्रभारियों की भी घोषणा
संगठन को दिशा और मार्गदर्शन देने के लिए गठित सलाहकार मंडल में त्रिभुवनदास साहेब (देवरी), लालदास साहेब (साजा), डाकवरदास साहेब (भटगांव), टकेश्वरदास साहेब (मस्तूरी) और परमानंद साहेब (अर्जुदा) को शामिल किया गया। वहीं समाज की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार हेतु विकास साहेब (रायपुर), प्रशांत साहेब (रायपुर), प्रभाष साहेब (बेमेतरा), विकास साहेब (सैगोना) एवं भास्कर साहेब को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम का संचालन सुभाष साहेब बिजेतला ने किया। सम्मेलन के समापन पर समाज की उन्नति, संगठन की मजबूती और सामाजिक विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। आयोजन की सफलता पर पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

