रायपुर । सोन कुमार सिन्हा - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिवस के अवसर पर जशपुर जिले के दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय एवं परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री साय ने मंदिर परिसर में परिक्रमा कर भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण कल्याण की कामना की। उन्होंने प्रदेश में शांति, खुशहाली और निरंतर विकास के लिए विशेष प्रार्थना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और सकारात्मक सोच से छत्तीसगढ़ प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Loading...

