खैरागढ़। सोनकुमार सिन्हा -जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू ने राज्य सरकार के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वित्तमंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के विजन को साकार करने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि पिछले बजट में “गति” की रणनीति अपनाई गई थी, वहीं इस बार “संकल्प” थीम के माध्यम से सरकार ने जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता, निष्ठा, समर्पण और दृढ़ संकल्प को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया है। श्रीमती साहू ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के चौक-चौराहों में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु हाईमास्ट सोलर लाइट के लिए 35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय में “सियानगुड़ी” की स्थापना की जाएगी, जिसका संचालन सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से होगा। इस योजना के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, सरलता और दक्षता लाने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण सुधार किए हैं, जिनमें स्वत: नामांतरण, ऑटो डायवर्शन और जियो-रेफरेंसिंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और प्रशासनिक प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी होंगी। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए श्रीमती साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री योजना के अंतर्गत राज्य के लगभग 350 स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य सरकार “स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना” प्रारंभ करने जा रही है, जिसके तहत चरणबद्ध तरीके से विद्यालयों को आदर्श शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के लिए 80 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण के लिए बजट राशि 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये कर दी गई है। इससे ग्रामीण अंचलों के विकास को नई गति मिलेगी। श्रीमती किरण साहू ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के चौमुखी विकास के लिए संकल्पित है और प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी.
Loading...

