डोंगरगढ़।सोन कुमार सिन्हा - सुशासन तिहार 2026 के तहत “गांव-गांव, द्वार-द्वार” अभियान के अंतर्गत 5 मई को ग्राम पंचायत बुढ़ानछापर में क्लस्टर स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 1 मई से 10 जून तक जनपद पंचायत क्षेत्र की 100 ग्राम पंचायतों को 8 क्लस्टरों में विभाजित कर शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य एकल विंडो प्रणाली के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण और पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ प्रदान करना है. शिविर में बुढ़ानछापर, मोहनपुर, बागनदी, चारभांठा, टाटेकसा, कोठीटोला, कनेरी, कारुटोला, पीपरखार कला, भगवानटोला, बरनारकला, रामपुर, नारायणगढ़, बागरेकसा, सीतागोटा और बोरतलाव सहित 16 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, जनप्रतिनिधि, बिहान समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, जल संसाधन, कृषि, उद्यानिकी, विद्युत, सहकारिता, स्वास्थ्य, परिवहन, वन, मत्स्य एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और मौके पर ही समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू की। शिविर के दौरान 15 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 6 हितग्राहियों को पेंशन एवं राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के स्वीकृति आदेश वितरित किए गए। वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक डोंगरगढ़/लाल बहादुर नगर द्वारा 5 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के तहत शून्य ब्याज पर ऋण स्वीकृत किया गया। मत्स्य पालन विभाग ने आइस बॉक्स और मछली जाल, जबकि कृषि विभाग ने मूंग बीज का वितरण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष लता अजय सिन्हा, जिला पंचायत सभापति अनिता मंडावी, सरिता ओमप्रकाश मंडावी, सुरेश वर्मा, थनवार मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर एसडीएम, उपसंचालक समाज कल्याण, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, तहसीलदार लाल बहादुर नगर, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में कुल 866 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 858 मांग और 8 शिकायतें शामिल हैं। सभी आवेदनों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
Loading...

