खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक एवं प्रथम तिहार हरेली के अवसर पर बुधवार को शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर तेल-चित्र एवं माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ हरेली तिहार की शुरुआत करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की। इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज एवं विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि हरेली केवल एक त्योहार नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी, किसान, खेती-किसानी और लोक संस्कृति से जुड़ी हमारी विशिष्ट पहचान है। कृषि प्रधान प्रदेश में किसानों और उनकी मेहनत का सम्मान करना ही हरेली तिहार का मूल संदेश है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय तीज-त्योहारों को जीवंत बनाए रखना प्रत्येक छत्तीसगढ़िया की जिम्मेदारी है। किसानों की खुशहाली में ही प्रदेश की वास्तविक खुशहाली निहित है। खेती-किसानी मजबूत होगी तो गांव मजबूत होंगे और गांव मजबूत होंगे तो छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भर बनेगा। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं, कृषि सुविधाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जनप्रतिनिधियों एवं सरकारों से गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर कृषि सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना प्रदेश के विकास की मजबूत नींव है। पूजा-अर्चना के दौरान कांग्रेसजनों ने छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारे लगाए और शहरवासियों सहित प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की गाड़ा-गाड़ा बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही जिले में हरियाली, खुशहाली, अच्छी फसल और किसानों के जीवन में समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, शेखर दास वैष्णव, किशन रजक, सूर्यकांत यादव, नित्य शरण सिंह, अल्ताफ अली, पुरन सारथी, रामकुमार जांगड़े, रविंद्र सिंह गहेरवार, गिरीश सारथी, मनोहर सेन, चंद्रशेखर वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Loading...

