खैरागढ़ विवेक देवांगन को छत्तीसगढ़ धर्म सेना का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर संगठन से जुड़े लोगों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्म सेना छत्तीसगढ़ की प्रांतीय बैठक रविवार को रायपुर में संपन्न हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र बहादुर सिंह को प्रदेश संरक्षक का दायित्व सौंपा गया, वहीं विवेक देवांगन को सर्वसम्मति से छत्तीसगढ़ धर्म सेना का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही बिलासपुर विभाग अध्यक्ष विष्णु पटेल को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा बिलासपुर विभाग महामंत्री रूपेंद्र गवेल को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया। संगठन को प्रदेश में और अधिक मजबूत करने एवं युवाओं को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में धर्मांतरण जैसे विषयों पर चिंता व्यक्त की गई तथा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को लेकर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विवेक देवांगन, प्रदेश सह-संरक्षक सुरेंद्र बहादुर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु पटेल व नामदेव राय, प्रदेश महामंत्री रूपेंद्र गवेल, रायपुर जिला अध्यक्ष सुधीर सपा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
।

