डोंगरगढ़।सोन कुमार सिन्हा -डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम कोलारघाट स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (उप स्वास्थ्य केंद्र) की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। मामले को गंभीर बताते हुए गैर सरकारी संगठन छत्तीसगढ़ सेवा कल्याण परिषद के वरिष्ठ सदस्य एन.के. सिन्हा ने छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को शिकायत पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार ग्रामीणों का आरोप है कि उप स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हो रही हैं। कई बार मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता, कर्मचारियों की उपस्थिति अनियमित रहती है तथा दवाओं की उपलब्धता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संस्था के सदस्यों ने हाल ही में ग्रामीणों के साथ उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के संचालन, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर कई सवाल सामने आए। स्वास्थ्य मंत्री को भेजे गए पत्र में संस्था ने मांग की है कि उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्धारित समयानुसार नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। पदस्थ डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की जांच की जाए. दवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और वैधता का परीक्षण कराया जाए। केंद्र परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार किए जाएं। ग्रामीणों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। एन.के. सिन्हा ने कहा कि जनहित और ग्रामीणों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस मामले में शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है, ताकि क्षेत्रवासियों को नियमित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। हालांकि, इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Loading...

