रायपुर।सोन कुमार सिन्हा - हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर राजधानी रायपुर में 30 मई को भव्य पत्रकारिता मार्तंड उत्सव आयोजित किया जाएगा. रायपुर प्रेस क्लब के तत्वावधान में होने वाले इस खास आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम को लेकर पत्रकारिता जगत में उत्साह का माहौल है. आयोजन की तैयारियों के बीच प्रेस क्लब रायपुर के अध्यक्ष मोहन तिवारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की और उन्हें कार्यक्रम का औपचारिक आमंत्रण दिया. मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए अपनी सहमति प्रदान की और कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं. इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता मार्तंड उत्सव के पोस्टर का विमोचन भी किया. प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष केवल एक पड़ाव नहीं बल्कि लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जनसरोकारों की मजबूत यात्रा का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि मार्तंड उत्सव पत्रकारिता के संघर्ष, योगदान और सामाजिक जिम्मेदारियों को सम्मान देने का एक ऐतिहासिक प्रयास होगा. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश और देशभर के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया विशेषज्ञ, साहित्यकार और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां शामिल होंगी। आयोजन के तहत पत्रकार सम्मान समारोह, विचार गोष्ठी, विशेष व्याख्यान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा. मोहन तिवारी ने कहा कि यह आयोजन पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और मीडिया की लोकतांत्रिक भूमिका को रेखांकित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
Loading...

